UP CM Yogi Adityanath Rajasthan Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 और 16 मार्च को दो दिवसीय राजस्थान दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे चित्तौड़गढ़ में आयोजित ऐतिहासिक जौहर मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर वीरता को नमन करेंगे और जालौर के प्रसिद्ध सिरे मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे। उनका यह दौरा मेवाड़ की शौर्य परंपरा और जालौर की आस्था का संगम माना जा रहा है। योगी आदित्यनाथ को चित्तौड़गढ़ में आयोजित होने वाले जौहर मेला एवं श्रद्धांजलि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में वे जौहर स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि देंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने जारी किया कार्यक्रम
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, सीएम योगी 15 मार्च को सुबह 9:25 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से रवाना होंगे और सुबह 10:50 बजे उदयपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से 11:20 बजे चित्तौड़गढ़ पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेंगे। चित्तौड़गढ़ पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सीधे चित्तौड़गढ़ दुर्ग जाएंगे, जहां वे विजय स्तंभ के पास स्थित जौहर स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और कालिका माता मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:45 बजे ईनाणी सिटी सेंटर पहुंचेंगे, जहां जौहर श्रद्धांजलि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
जालौर में करेंगे रात्रि विश्राम
चित्तौड़गढ़ में कार्यक्रम समाप्त करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 1:55 बजे जालौर के लिए रवाना होंगे और शाम लगभग 4:00 बजे प्रसिद्ध सिरे मंदिर पहुंचेंगे। यहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
16 मार्च को धर्मसभा को करेंगे संबोधित
अगले दिन 16 मार्च को मुख्यमंत्री सुबह 9:30 बजे श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद सुबह 10:00 बजे वे एक विशाल धर्मसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे सुबह 11:55 बजे जालौर से जोधपुर के लिए रवाना होंगे, जहां से विशेष विमान द्वारा लखनऊ लौट जाएंगे।
तैयारियां जोरों पर मुख्यमंत्री योगी
आदित्यनाथ के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर चित्तौड़गढ़ और जालौर दोनों जिलों में उत्साह का माहौल है। जौहर स्मृति संस्थान के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस अवसर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और ईनाणी सिटी सेंटर में भव्य पंडाल सजाया जा रहा है। 13 मार्च से 15 मार्च तक चलने वाले जौहर मेले का समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन के साथ होगा।
