aajtak
बिग बॉस 19 का नया प्रोमो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है। प्रोमो में अशनूर कौर और अभिषेक बजाज को फरहाना भट्ट के साथ तीखी बहस करते देखा गया। फरहाना पर नियम तोड़ने और घर में बेवजह का विवाद शुरू करने का आरोप लग रहा है। इस झगड़े में प्रनीत मोरे भी कूद पड़े, जिससे माहौल और गर्म हो गया। प्रोमो में अशनूर कहती हैं, “यह गलती थी, मैं माफी मांगने के अलावा और क्या कर सकती हूँ?” जवाब में नाराज़ फरहाना कहती हैं, “बात न करना ही बेहतर है।” इस दौरान अभिषेक बजाज, प्रनीत मोरे, मालती चाहर, अमल मलिक और शहबाज़ बडेशा भी मौजूद थे।
अशनूर ने फरहाना को कहा “वैंप
विवाद तब और बढ़ गया जब अशनूर ने फरहाना को “वैंप” कह दिया। अशनूर ने कहा, “मैं तुमसे बात नहीं कर रही,” जबकि फरहाना चिल्लाईं, “तुम्हें अपनी बाहर की इमेज की चिंता है।” जवाब में अशनूर ने तंज कसते हुए कहा, “कम से कम लोग मुझे वैंप तो नहीं कहते।” फरहाना ने गुस्से में प्रनीत मोरे को धक्का दे दिया, जो बीच में खड़े थे। प्रनीत ने चेतावनी दी, “मुझे हाथ मत लगाओ।” अभिषेक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और फरहाना से कहा, “रुको, फरहाना।” लेकिन फरहाना ने तल्खी से जवाब दिया, “क्या मैंने तुमसे बात की?”
पिछले एपिसोड में क्या हुआ ?
प्रोमो में दिखाया गया विवाद बिग बॉस 19 के 65वें एपिसोड की घटनाओं से जुड़ा है। इस एपिसोड में ग्रैंड फिनाले के करीब आते ही घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। नेहल चुड़ासमा और बासिर अली के एविक्शन के बाद घर में हलचल मच गई। बिग बॉस ने अशनूर कौर और अभिषेक बजाज को बार-बार नियम तोड़ने, खासकर माइक्रोफोन न पहनने की वजह से सजा दी। असेंबली रूम में बिग बॉस ने दोनों को फटकार लगाई और घर से बाहर जाने को कहा। बाकी हाउसमेट्स से पूछा गया कि क्या उन्हें दूसरा मौका मिलना चाहिए। इस पर कुणिका और गौरव के बीच तीखी बहस छिड़ गई। कुछ लोग अशनूर और अभिषेक को दूसरा मौका देने के पक्ष में थे, जबकि कुछ का मानना था कि उन्हें अपनी गलती की सजा भुगतनी चाहिए। हाउस कैप्टन मृदुल ने उन्हें नॉमिनेट करने से इनकार कर दिया।
अशनूर और अभिषेक की वजह से हाउसमेट्स को नुकसान
बिग बॉस ने नियम तोड़ने की सजा में अशनूर और अभिषेक को छोड़कर पूरे घर को नॉमिनेट कर दिया। साथ ही, राशन को 50% कम कर दिया गया। हाउसमेट्स ने अशनूर, अभिषेक और हाउस कैप्टन मृदुल की जमकर आलोचना की। जैसे-जैसे ग्रैंड फिनाले नज़दीक आ रहा है, तनाव चरम पर है। दर्शक बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं कि अगला एविक्शन कौन होगा।
